बक्सर, 30 : जुलाई। इटाढ़ी रेलवे गुमटी को तत्काल खोलने की मांग को लेकर गुरुवार से संघर्ष मोर्चा के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरना पुनः शुरू हो गया। धरने की अध्यक्षता जिला संयोजक सरोज राजभर ने की, जबकि संचालन डॉ. अजीत कुशवाहा ने किया।
धरनास्थल पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सरोज राजभर ने रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन पर आम जनता की समस्याओं के प्रति उदासीन रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रेलवे गुमटी बंद होने से आम लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। विशेष रूप से श्रावण माह में जलाभिषेक के लिए जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि गुमटी बंद रहने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। किसानों को खेत और मंडी तक पहुंचने में परेशानी हो रही है, व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हुआ है तथा महिलाओं और बुजुर्गों को भी दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि इस निर्णय का असर समाज के हर वर्ग पर पड़ रहा है।
सरोज राजभर ने कहा कि संघर्ष मोर्चा जनता के हितों की लड़ाई अंतिम दम तक लड़ता रहेगा और इटाढ़ी रेलवे गुमटी खुलवाने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से जनहित को प्राथमिकता देते हुए गुमटी को तत्काल खोलने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे एवं जिला प्रशासन की होगी।
धरने को संबोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने भी प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जल्द समाधान की मांग की। धरने में राजकुमार राय, जितेंद्र कुमार, रमाकांत चंद्रवंशी, अजीत कुमार, कमलेश राय, कृष्णावती देवी, राम इकबाल ठाकुर, दिनानाथ ठाकुर, सूरजक्रांति देवी, व्यास, चंदन, तेजस्वी, जगनारायण सिंह, तेज प्रताप सिंह, रामजी पासवान, शंकर राजभर, विनोद कुमार पांडे, मुन्ना ओझा, मनजी राजभर, कमलेश कुमार राव, सुशील कुमार, लाल बाबू माली सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे।
धरनार्थियों ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को जिला मुख्यालय तक विस्तारित किया जाएगा।






.png)





