04 Jun 2026 Patna
Hello
Hello
Hello
BIHAR

चौसा में करंट से दो बच्चों की दर्दनाक मौत, मुआवजे की मांग को ले परिजनों ने किया सड़क जाम

Admin 02 Jun 2026, 09:24 AM 115 views
चौसा में करंट से दो बच्चों की दर्दनाक मौत, मुआवजे की मांग को ले परिजनों ने किया सड़क जाम

चौसा में करंट से दो बच्चों की दर्दनाक मौत, मुआवजे की मांग को ले परिजनों ने किया सड़क जाम

बक्सर, चौसा प्रखंड के खिलाफतपुर गांव में मंगलवार को बिजली की लापरवाही ने दो मासूमों की जान ले ली। रेलवे लाइन के पास खेत में बिछे बोरिंग के नंगे तार की चपेट में आने से 10 वर्षीय रोहित कुमार और 12 वर्षीय सुभाष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर चौसा-बक्सर मुख्य मार्ग जाम कर दिया।

Hello

मृतकों की पहचान चौसा नगर के खिलाफतपुर निवासी रामाशंकर मुसहर के पुत्र रोहित और दिमागी मुसहर के पुत्र सुभाष के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे रेलवे किनारे पॉवर प्लांट द्वारा डंप किए गए कोयले की ओर जा रहे थे। चोरी की आशंका में प्लांट के सुरक्षा गार्डों ने उन्हें खदेड़ दिया। भागते समय दोनों खेत में बिछे नंगे बिजली तार से टकरा गए और करंट की चपेट में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। गुस्साए परिजन और सैकड़ों ग्रामीण दोनों बच्चों के शव लेकर पहले मुफ्फसिल थाना पहुंचे। इसके बाद उचित मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर यादव मोड़ तिराहे पर शव रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। जाम के कारण घंटों आवागमन ठप रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना पर मुफ्फसिल अपर थानाध्यक्ष चन्दन कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर बाद प्रशासन की ओर से उचित मुआवजा देने और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर जाम हटाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया।

एक ही गांव के दो बच्चों की असामयिक मौत से खिलाफतपुर में मातमी सन्नाटा है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सुरक्षा और निजी बोरिंग में बरती जा रही लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share:
Tags: BIHAR News Bihar

Follow Us Live

Facebook

Instagram

YouTube